होम
सिटीजन रिपोर्टर
सर्च
इस बार मौसम कुछ अलग ही दिख रहा है। चिलचिलाती गर्मी के मौसम में भी सुबह की शुरुआत कोहरे से हो रही है। 3-4 दिनों से ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। रविवार की सुबह मौसम के मिजाज ने फिर करवट ली। सुबह 5 बजे के पहले मौसम साफ था। लेकिन 5 बजे के बाद कोहरा छाने लगा। कुछ इलाकों में 5 बजे के बाद भी कोहरा दिखा। कोहरा करीब दो घंटे तक रहा।
कृषि विज्ञान केन्द्र, सिरिस के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ अनूप कुमार चौबे ने बताया कि हवा की दिशा पूर्वी और दक्षिण पूर्वी है। जिसके कारण हवा में आर्द्रता की मात्रा अधिक है। दिन में तेज धूप होने के कारण नमी वाष्प में बदल जाती है। जबकि रात में खासकर सुबह के समय तापमान कम होने से कोहरा का रूप ले लेती है साथ ही वायु प्रदूषण की स्थिति भी जस की तस बनी हुई है।
खासकर सड़क आदि निर्माण का काम चलना, खाली पड़े खेतों से, नदी के क्षेत्र से भी काफी धूलकण हवा में होते हैं। वहीं गांवों में फसल की हार्वेस्टिंग और थ्रेसिंग का काम भी तेजी से चल रहा है जिसके कारण वायु प्रदूषण बढ़ा है। इस कारण से भी कोहरा सुबह मे घना रुप ले रहा है। आगामी पाँच दिनों मे गर्मी से राहत मिलने की संभावना नही है तथा 4 से 8 अप्रैल 2022 तक अधिकतम तापमान 38 से 40 और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
यह जानकारी डॉ अनूप कुमार चौबे, कृषि मौसम वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, सिरिस, औरंगाबाद, बिहार ने जनहित में दी है।
Source: Aurangabad Now