Sidebar Logo ×

बिहार से लौट रहा है मानसून, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से बढ़ने वाली है ठंड

बिहार से मानसून के जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। मानसून के लौटने ही पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू हो जाएंगी जिससे ठंड बढ़ने का अनुमान है। पढिये पूरी खबर

Aurangabad Now Desk

Aurangabad Now Desk

पटना, Oct 11, 2021 (अपडेटेड Oct 11, 2021 12:52 AM बजे)

अगले 10 से 20 दिनों में मौसम में ठंड का एहसास होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम बुलेटिन के अनुसार बिहार से मॉनसून की विदाई शुरू हो गयी है। मानसून की वापसी होते ही पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू होंगी जिससे सुबह शाम की ठंड शुरू हो जाएगी।

सामान्यतः हर वर्ष 5 से 10 अक्टूबर के बीच बिहार से मानसून की वापसी हो जाती थी लेकिन इस वर्ष ये 3 से 4 दिन की देरी से लौट रही है।


मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून रेखा गया, मोतिहारी, अंबिकापुर, इंदौर, गांधीनगर होते हुए पोरबंदर की तरफ जा रहा है। इससे बिहार के अधिकांश हिस्से में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।


हवाओं के रुख में परिवर्तन से मौसम होगी सर्द

मौसम विभाग की मानें तो मानसून की वापसी से हवा के रुख में भी धीरे-धीरे बदलाव होना शुरू हो गया है। पूर्व की तरफ से बहने वाली हवाएं पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा से चल रही है। हिमालय से आने वाली ठंडी हवाएं देश के मैदानी हिस्से को प्रभावित कर रही हैं। इसके प्रभाव से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड में अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से सुबह-शाम मौसम हल्का सर्द होने का अनुमान है, हालाकि ठंड का प्रभाव नवंबर में देखने को मिलेगा।

अक्टूबर के चौथे सप्ताह तक मौसम रहेगा शुष्क

मानसून के निष्क्रिय होने के बाद बिहार के सभी 38 जिलों में दिन-रात का पारा सामान्य के करीब रिकार्ड किया गया है। यह स्थिति अक्टूबर के चौथे सप्ताह तक बने रहने की उम्मीद है। उसके बाद रात के साथ ही दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी।


हालांकि मानसून की वापसी के साथ ही बिहार के समस्तीपुर, कटिहार, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा में हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही ट्रफ रेखा देश उत्तरी हिस्से से होते हुए पूर्वी की तरफ जा रही है, जिससे बिहार के तटवर्ती क्षेत्रों में हल्की बारिश की उम्मीद है।

पश्चिमी हवाओं के चलने के साथ ही तापमान में होगी भारी गिरावट

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की वापसी के साथ ही पश्चिमी हवाओं का प्रवाह अब धीरे-धीरे शुरू हो गया है। तापमान में गिरावट होगी। नवंबर से ठंड का प्रभाव देखने को मिलेगा लेकिन अक्टूबर माह के चौथे सप्ताह से गुलाबी ठंड होगी। दिन और रात का पारा अब धीरे-धीरे कम होने लगेगा।

पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस दौरान आर्द्रता 77 फीसदी थी। इससे उमस भरी गर्मी से राहत रही। रविवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस होने के आसार है। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहने का अनुमान है।।

Source: Aurangabad Now

औरंगाबाद, बिहार की सभी लेटेस्ट खबरों और विडियोज को देखने के लिए लाइक करिए हमारा फेसबुक पेज , आप हमें Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।
Subscribe Telegram Channel
Loading Comments