होम
सिटीजन रिपोर्टर
सर्च
राजधानी पटना में पुलिस पर गंभीर आरोप लगा है। मामला शराबबंदी को लेकर पटना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सर्च अभियान से जुड़ा है। रामकृष्णा नगर थाना इलाके का एक वीडियो सामने आया है। इसमें थानेदार जहांगीर आलम एक कम्यूनिटी हॉल में तलाशी लेते दिख रहे हैं। तलाशी के दौरान वो दुल्हन के कमरे में घुस गए। अंदर जाकर पुलिस ने कमरे की तलाशी ली। अब आरोप लग रहा है कि इस दौरान उनके साथ महिला पुलिस क्यों नहीं थी।
मामला रविवार की रात का है। थानेदार अपनी टीम के साथ बोधि बिहार कम्यूनिटी हॉल में घुस गए। वहां शादी हो रही थी। जिस वक्त पुलिस पहुंची थी, उस वक्त वहां लड़की पक्ष के लोग थे। सबसे आश्चर्य वाली बात यह है कि पुलिस टीम में एक भी महिला अफसर या सिपाही शामिल नहीं थी। टीम में सभी पुरूष थे। शादी वाली जगह पर हर एक कमरे को खुलवाकर इन लोगों ने देखा, उसे खंगाला। कमरों में मौजूद लोगों के सामानों को चेक किया गया।
हद तो तब हो गई, जब पुलिस टीम दुल्हन के कमरे में घुस गई। वहां दुल्हन के साथ परिवार की कुछ महिलाएं थीं। जो अचानक से पुलिस को कमरे में देख असहज हो गईं। उस वक्त दुल्हन के श्रृंगार का सामान, ज्वेलरी और कपड़े, कमरे के अंदर बिखरे पड़े थे।
इस छापेमारी के वीडियो में थानेदार वहां मौजूद लोगों से पूछ रहे हैं कि आप कहां से आएं हैं। आप शराब तो नहीं लेकर आए हैं। आप शराब तो नहीं पीते हैं। इस तरह के कई सवाल वो लड़की पक्ष के लोगों से पूछते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। साथ में वो यह भी कहते दिखे कि छापेमारी को लेकर बहुत प्रेशर है। इसके लिए ऊपर से काफी दबाव है।
पुलिस का यह वीडियो सामने आने के बाद से राजधानी में बवाल मचा हुआ है। राजनीतिक गलियारे में भी सरगर्मी बढ़ गई है।
अब लोग शादी करें या तानाशाह की सनक मिटाए। बिहार पुलिस, शराब माफिया और सरकार के गठजोड़ से ये खुद शराब मँगवाते, बेचते और बिकवाते है। उस पर कारवाई ना करने की बजाय आम नागरिकों को परेशान करना, उनकी निजता का उल्लंघन कर उनके निजी जीवन में अतिक्रमण करना कौन सा क़ानून है? CM जवाब दें। pic.twitter.com/aYDCyNBaG4
— Rabri Devi (@RabriDeviRJD) November 22, 2021
बिहार पुलिस शराबबंदी के नाम पर बिना महिला पुलिसकर्मियों के दुल्हन के कमरों और कपड़ों की तलाशी ले रही है। यह निजता के अधिकार का उल्लंघन है।
— Rabri Devi (@RabriDeviRJD) November 22, 2021
बिहार में शराब कैसे व क्यों पहुँच रही है,कौन पहुँचा रहा है? उसकी जाँच और खोजबीन नहीं लेकिन उल्टा सनकी सरकार महिलाओं को ही परेशान कर रही है? pic.twitter.com/IfVWzHQQAE
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी पुलिस के इस कार्रवाई पर सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट के जरिए बड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस शराबबंदी के नाम पर बिना महिला पुलिसकर्मियों के दुल्हन के कमरों और कपड़ों की तलाशी ले रही है। यह निजता के अधिकार का उल्लंघन है। बिहार में शराब कैसे और क्यों पहुंच रही है, कौन पहुंचा रहा है? उसकी जांच और खोजबीन नहीं, लेकिन उल्टा सनकी सरकार महिलाओं को ही परेशान कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar