होम
सिटीजन रिपोर्टर
सर्च
औरंगाबाद जिले के रफीगंज शहर में खाद नहीं मिलने पर किसानों ने मंगलवार को हंगामा कर दिया। खाद की किल्लत को लेकर किसान बवाल करने लगे। खाद दुकान में तोड़फोड़ करने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को लाठियां चलानी पड़ी। किसानों पर लाठीचार्ज हो गया, जिसमें कई किसान घायल हो गए। किसानों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी भी की है, जिसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं।
बताया जाता है कि सुरक्षा में तैनात पुलिस बल पर ईंट-रोड़ा से प्रहार करते हुए आधा किलोमीटर बस स्टैंड तक खदेड़ा। पुलिसकर्मी जान बचाकर भागने लगे। इस दौरान अरुण सिंह समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। इसकी सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रमेश कुमार सिंह अतिरिक्त पुलिस बल लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद किसानों पर लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा गया। भागने के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति कुआं में गिर गया, जिससे उसका पैर टूट गया। कुछ उपद्रवियों को पुलिस बल द्वारा हिरासत में भी लिया गया है।
रफीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य उपद्रवी खरोखर गांव के प्रदीप सिंह है, जो इस पूरी घटना को संचालित किया है। इस मामले में आठ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक भीड़ भाड़ को देखकर थाना से SI कामेश्वर साह अपने पुलिस बल के साथ पहुंचे और किसानों को शांति माहौल में खाद लेने के लिए आग्रह कर रहे थे। इसी बीच कुछ शरारती तत्व द्वारा पुलिस पर पथराव कर मुख्य सड़क को जाम कर हंगामा करने लगे।
घायलों में SI कामेश्वर साह, ASI अजय कुमार सिंह, सशस्त्र बल सुशील कुमार, जलालुद्दीन, अखिलेश कुमार, घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज किया गया। शरारती तत्वों द्वारा पुलिस जवान का राइफल छीनने का भी प्रयास किया गया। इसके विरोध में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान उपद्रवियों द्वारा पुलिस वाहन के साथ अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया।
उग्र भीड़ देख पुलिस इंस्पेक्टर एमके चौधरी, रफीगंज थाना प्रभारी रमेश कुमार सिंह, कासमा थाना ए एस आई अजीत कुमार सिंह, पौथू थाना प्रभारी धनंजय कुमार, बंदेया थाना प्रभारी रामायण प्रसाद, अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और माहौल को शांत करने का प्रयास किया।
Source: Dainik Bhaskar