Sidebar Logo ×

औरंगाबाद में चिराग! कहा नीतीश कुमार ने जाति के आधार पर समाज को किया खंडित

लोजपा( रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चिराग पासवान ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दलित-महादलित, पिछड़ा- अति पिछड़ा, जाति के आधार पर समाज को खंडित करने का काम किया है।

Aurangabad Now Desk

Aurangabad Now Desk

दाउदनगर, Feb 02, 2022 (अपडेटेड Feb 03, 2022 12:28 AM बजे)

शहीद जगदेव प्रसाद की जयंती के मौके पर जमुई सांसद व लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान आज औरंगाबाद के हसपुरा प्रखंड स्थित धमनी खेल मैदान में पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर चिराग पासवान ने कहा कि शहीद जगदेव प्रसाद सिंह ने गरीबों एवं शोषितों के हित की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। शहीद जगदेव प्रसाद का सपना सामाजिक न्याय और सामाजिक एकजुटता का था लेकिन उनके सपने को खंडित करने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है। 


इससे पहले चिराग पासवान ने पचरुखिया बाजार में जगदेव चौक पर स्थित शहीद जगदेव प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिसके बाद वे धमनी खेल मैदान पहुंचें जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। सिर पर मुकुट पहना कार्यकर्ताओं ने चिराग पासवान का स्वागत किया। लोगों को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि शहीद जगदेव प्रसाद सिंह ने गरीबों एवं शोषितों के हित की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

छात्रों के आंदोलन पर चिराग ने नीतीश पर हमला बोलते हुए कहा कि अपनी जायज हक की लड़ाई के लिए छात्र संघर्ष कर रहे थे लेकिन जिस बर्बरता से उन पर लाठियां चलायी गयी जो गलत है। जब-जब छात्रों पर लाठियां चलाई गयी और अत्याचार हुआ तब-तब एक नया युवा आंदोलन खड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री खुद ऐसे छात्र आंदोलन से निकलकर आए हैं। खुद अपनी लाठियां खाने की कहानियां सुनाते हैं लेकिन आज खुद वो युवाओं पर लाठियां चला रहे हैं ऐसे में याद रखें कि ये भी बदलाव की नई दास्तान लिखेगा। इन लाठियों से ही नए बिहार की नींव हम युवा खड़ा करेंगे।

जगदेव विचार मंच द्वारा पचरुखिया में आयोजित अमर शहीद जगदेव प्रसाद के जयंती समारोह में भाग लेकर वापस लौटने के क्रम में लोजपा( रामविलास )के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ प्रकाशचंद्रा के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुये श्री पासवान ने कहा कि जगदेव प्रसाद ने सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी थी। समाज में समरसता का भाव उन्होंने बोया था।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मुख्यमंत्री ने जाति के आधार पर समाज को खंडित किया है उससे कहीं न कहीं ऐसे महापुरुषों के पीठ पर खंजर भोंकने का काम किया है जिन महापुरुषों ने बिहारी अस्मिता की रक्षा के लिये व बिहार के गौरव के लिये कार्य किया। ऐसे महापुरुषों में उनके पिता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान भी एक हैं जिन्होंने बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट का सपना देखा था। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आने वाले समय में महापुरुषों का सपना जरूर साकार होगा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जो चीजें यहां प्रासंगिक होनी चाहिये वो नहीं हो पा रही है।

सामाजिक न्याय की लड़ाई हाशिए पर जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार के बजट पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में कहा कि मौजूदा परिस्थिति के हिसाब से वे बजट की सराहना करते हैं। पिछले तीन वर्षों से भारत कोरोना महामारी के दौर से गुजर रहा है। ऐसी परिस्थिति में एक संतुलित और सशक्त बजट केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया है। इस बजट में हर वर्ग हर क्षेत्र का ख्याल रखा गया है।

मौके पर लोजपा (रामविलास )के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ प्रकाशचंद्रा, अनूप कुमार ठाकुर, पूर्व जिप उपाध्यक्ष संजय सिंह सोम, विजय पासवान, चिंटू मिश्रा मुकेश मिश्रा बिट्टू यादव राव मनीष यादव अखिलेश कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Source: Jan Josh News

औरंगाबाद, बिहार की सभी लेटेस्ट खबरों और विडियोज को देखने के लिए लाइक करिए हमारा फेसबुक पेज , आप हमें Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।
Subscribe Telegram Channel
Loading Comments