Sidebar Logo ×

ठुमकों के साथ ठायें ठायें करना पड़ गया महंगा! आर्म्स एक्ट में फंस गए मुखिया जी

सत्यम मिश्रा

सत्यम मिश्रा

औरंगाबाद, Jul 28, 2021 (अपडेटेड Jul 28, 2021 6:20 PM बजे)

औरंगाबाद जिले में सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है जिसमें एक व्यक्ति तेरी जवानी... मेरी मोहब्बत... गाने पर पिस्टल लहराते हुए डांसर लड़की के साथ ठुमके लगाता हुआ नज़र आ रहा है। अगर आपने ये वीडियो नहीं देखा तो ऊपर वीडियो में देख सकते हैं।

जब वीडियो वायरल हुआ तो बवाल होना भी लाज़मी था क्योंकि चश्मदीदों के अनुसार उस वीडियो में डांस कर रहा व्यक्ति कोई आम आदमी नहीं बल्कि नवीनगर प्रखंड के बेलाई पंचायत के मुखिया जी थे। 

चार बने नामजद, पुलिस कर रही छापामारी

इस मामले में मदनपुर थाने में चार नामजद के साथ कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि नवीनगर थाना के द्वारा सूचना मिली कि नवीनगर थाना क्षेत्र में एक नाच कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग हुई है जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। इसमे नवीनगर थाना क्षेत्र के बड़वान गांव निवासी प्रिंस प्रताप सिंह, माली थाना क्षेत्र के खैरा निवासी बबलू सिंह और नवीनगर थाना क्षेत्र के धोबडीहा निवासी लाल साहेब सिंह शामिल हैं।

डांस के दौरान पिस्टल लहराते दिखे मुखिया जी

22 जुलाई को दरभंगा गांव में हुआ था कार्यक्रम

पुलिस के द्वारा जब हर्ष फायरिंग की घटना का सत्यापन किया गया तो पता चला कि घटनास्थल मदनपुर थाना क्षेत्र के दरभंगा गांव की है। घटना की सत्यापन के लिए SI नरेंद्र प्रसाद दल बल के साथ दरभंगा गांव पहुंचे और जानकारी ली। जांचोपरांत पता चला कि यह घटना 22 जुलाई 2021 के दरभंगा निवासी दिनेश सिंह के घर की है जिसमे प्रिंस प्रताप सिंह के द्वारा नर्तकी के साथ नाचते हुए पिस्टल से हर्ष फायरिंग की गई। उसके बाद माली थाना क्षेत्र के खैरा निवासी बबलू सिंह के द्वारा उक्त पिस्टल को कमर में रखा गया। नवीनगर थाना क्षेत्र के धोबडीहा निवासी लाल साहेब सिंह के द्वारा हर्ष फायरिंग में कुर्सी पर बैठकर सिगरेट का छल्ला उड़ाया जा रहा था साथ ही कुछ अज्ञात व्यक्ति नाच प्रोग्राम में हर्ष फायरिंग में शामिल होकर कोविड-19 का उलंघन करते हुए मजा ले रहे हैं।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, एसपी के निर्देश पर कार्यवाई तेज

पूछताछ के दौरान दरभंगा निवासी दिनेश सिंह की पत्नी ने बताया कि 22 जुलाई 2021 को उनके घर में उनकी बेटी का जन्मदिन था जिसमे नाच कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उस कार्यक्रम में उसके पति के साथ बबलू सिंह, लालसाहेब सिंह के साथ कुछ अन्य लोग शामिल होकर कार्यक्रम के संचालक और नर्तकियों के साथ अश्लील गाना पर नाचते हुए मजा ले रहे थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में मदनपुर थाना कांड संख्या-183/21 के अंतर्गत आर्म्स एक्ट, कोविड-19 के उलंघन करने के आरोप में और लाउडस्पीकर एक्ट के तहत दिनेश सिंह, प्रिंस प्रताप सिंह, बबलू सिंह और लालसाहेब सिंह के साथ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्यवाई की जायेगी। प्रिंस प्रताप सिंह नवीनगर प्रखंड के बेलाई पंचायत के मुखिया हैं।

Source: Magadh Express

औरंगाबाद, बिहार की सभी लेटेस्ट खबरों और विडियोज को देखने के लिए लाइक करिए हमारा फेसबुक पेज , आप हमें Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।
Subscribe Telegram Channel
Loading Comments